ड्रग,गोकशी,भू-माफिया और ट्रैफिक अराजकता पर एक साथ वार,अवैध अतिक्रमण पर भी कसेगा सिकंजा
सुलतानपुर। जनपद की नई पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कर दिया कि अब अपराध के हर चेहरे पर एक साथ प्रहार होगा। ड्रग माफिया और गोकशी गिरोह के साथ-साथ भू-माफियाओं पर भी शिकंजा कसने की बात कहकर उन्होंने साफ संकेत दिया कि अवैध कब्जे और जमीनों पर जबरन दखल अब बर्दाश्त नहीं होगा।
एसपी ने दो टूक कहा, “कानून से बड़ा कोई नहीं है। चाहे वह अपराधी हो या विभाग के भीतर का कोई व्यक्ति—कानून का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय है।”
*भू-माफियाओं पर निर्णायक कार्रवाई*
जनपद में सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कहा कि राजस्व और प्रशासनिक टीमों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। चिन्हित भू-माफियाओं की सूची तैयार की जा रही है और उनके खिलाफ गैंगस्टर सहित कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध प्लॉटिंग, फर्जी बैनामा और दबंगई से जमीन कब्जाने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
*ट्रैफिक और अवैध टैक्सी स्टैंड पर सख्ती*
शहर की जाम की समस्या को लेकर एसपी ने “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने का संकेत दिया। अवैध टैक्सी स्टैंड, सड़कों पर अतिक्रमण और मनमानी पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। नई ट्रैफिक नीति तैयार करने की भी बात कही गई है, जिससे व्यवस्था स्थायी रूप से सुधारी जा सके।
*विभागीय अनुशासन भी प्राथमिकता*
चारू निगम ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस विभाग के भीतर भी किसी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाई गई तो कठोर विभागीय कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।
*पत्रकारों से सतत संवाद*
एसपी ने मीडिया को भरोसा दिलाया कि पुलिस और पत्रकारों के बीच नियमित संवाद बना रहेगा। पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुंचे।
पहली ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में “लेडी सिंघम” के तेवर साफ नजर आए। अपराधियों के लिए यह सीधी चेतावनी है कि अब ड्रग, गोकशी, भू-माफिया या ट्रैफिक अराजकता—किसी भी मोर्चे पर ढिलाई नहीं होगी। जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती का नया अध्याय शुरू होने के संकेत मिल चुके हैं।

0 Comments