पहले अस्पताल अब जर्जर सड़क को दी श्रद्धांजलि, किया प्रतीकात्मक विसर्जन
सुलतानपुर।शासन-प्रशासन की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रविवार को एक अलग अंदाज में जनता की आवाज बुलंद की। मोतिगरपुर से गोशैसिंहपुर तक की लगभग दस किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क को श्रद्धांजलि देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने गोमती नदी के दियरा घाट पर उसका प्रतीकात्मक विसर्जन किया।
इस अनोखे कार्यक्रम का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दूबे ने किया। उन्होंने कहा कि यह श्रद्धांजलि सभा जनता के दर्द और शासन की संवेदनहीनता का प्रतीक है। सड़क की दुर्दशा के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि मूक दर्शक बने हुए हैं।
प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दूबे ने कहा, जब सड़कों की हालत मरने लायक हो जाए और जिम्मेदार लोग आंखें मूंद लें, तब जनता को खुद सड़क का अंतिम संस्कार करना पड़ता है। अब जनता चुप नहीं बैठेगी।
मोतिगरपुर बाजार से शुरू हुई श्रद्धांजलि यात्रा सड़क के गड्ढों और कीचड़ से होती हुई दियरा घाट तक पहुंची, जहां सड़क के प्रतीकात्मक अवशेषों को अस्थि कलश में रखकर गोमती नदी में विसर्जन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मौन धारण कर विरोध दर्ज कराया।
पार्टी नेता राकेश सिंह और दिलीप यादव ने कहा कि जब तक सड़कें गड्ढामुक्त नहीं होंगी, सरकार के विकास के दावे सिर्फ कागजों पर ही रहेंगे। आम आदमी पार्टी सदर विधानसभा क्षेत्र में सिस्टम और जनप्रतिनिधियों की कारगुजारियों को जनता के बीच बेनक़ाब करने के लिए लगातार सक्रिय है। पहले बीरसिंहपुर स्थित सौ सैय्या अस्पताल में भ्रष्टाचार को लेकर किए गए धरने के दौरान सीएमएस के सरकार के खिलाफ बयानबाजी के बाद हुए निलंबन ने पूरे जिले में हलचल मचा दी थी, और अब सड़क की श्रद्धांजलि सभा ने इस मुद्दे को नई दिशा दे दी है।
पार्टी की लगातार सक्रियता से सदर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है कि आम आदमी पार्टी अब मुद्दों पर खुलकर मैदान में उतर चुकी है। कार्यक्रम में धर्मराज सिंह, रामशंकर गौतम, कुलदीप यादव, रौनक सिंह, उमाशंकर, श्रेयस पांडेय, विवेक मिश्रा, वेद शुक्ला, देवांश, सोनू मौर्या, हैप्पी, देवेंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
बता दें कि इस सड़क का शिलान्यास सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने 28 मार्च 2025 को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से किया था। उस समय सदर विधायक द्वारा बताया गया की 4.51 करोड़ रुपए की लागत से सड़क का निर्माण होगा, जबकि अनुरक्षण के लिए 1.50 करोड़ रुपए की धनराशि धरोहर के रूप में स्वीकृत होने की बात कहीं थी। कार्यवाही संस्था जेपी इंटरप्राइजेज ने भूमि पूजन से पूर्व गोसैसिंहपुर से मोतिगरपुर के बीच बने गड्डों में गिट्टी डालकर समतलीकरण का काम शुरू किया था। लेकिन भूमि पूजन के बाद से 7 महीने का समय भी जाने के बाद भी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। सड़क पूरी तरह से टूटकर गड्ढे में तब्दील हो चुकी है।

0 Comments